रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के साथ रायगढ़ शहर में भी नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ प्रवास के दौरान नगर निगम क्षेत्र के दो वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
33 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
वार्ड क्रमांक 28 पंजरी प्लांट में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 33 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन एवं शासकीय स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण का भूमिपूजन किया। वहीं वार्ड क्रमांक 9 नवागढ़ी में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को सामुदायिक गतिविधियों, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
रायगढ़ में विकसित होंगे 10 ऑक्सीजोन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में रायगढ़ शहर में 10 ऑक्सीजोन विकसित किए जाएंगे। इनसे शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर स्वास्थ्य एवं मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा।
पंजरी प्लांट में ऑक्सीजोन और ओपन जिम की घोषणा
पंजरी प्लांट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन और ओपन जिम विकसित करने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के लोगों को हरित वातावरण के साथ व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।
600 करोड़ की लागत से रिंग रोड पर काम
ओपी चौधरी ने बताया कि रायगढ़ की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए शहर की अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए बड़े प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे शहर के यातायात को बेहतर बनाने और अधोसंरचना विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी होगा विस्तार
वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ में नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा जिले में नर्सिंग महाविद्यालय और फिजियोथेरेपी महाविद्यालय खोलने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में संस्थाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि जिलेवासियों को बेहतर सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सुरेश गोयल, पावन अग्रवाल, आशीष ताम्रकार, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।















































