मदनपुर चोरी कांड का 24 घंटे में खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

SHARE:

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में चौकी खरसिया पुलिस ने मदनपुर में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है।

सूने मकान में लाखों नहीं, 80 हजार की संपत्ति पर किया हाथ साफ

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को प्रार्थिया श्रीमती आरती उनसेना, निवासी मदनपुर ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 अगस्त की रात करीब 1 बजे से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान के तीन कमरों के दरवाजों की कुंडी और कब्जे तोड़ दिए तथा खिड़की की सरिया मोड़कर घर में प्रवेश किया।

चोर घर से 1 एचपी सबमर्सिबल पंप, कूलर, 32 इंच एलजी एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, चार गैस सिलेंडर, सीलिंग फैन, मिक्सी, भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की पीतल की मूर्तियां, चढ़ावे की नकदी, चांदी के लक्ष्मी सिक्के, इन्वर्टर-बैटरी, कंप्यूटर सेट, लैपटॉप, महत्वपूर्ण दस्तावेज, घरेलू बर्तन, कृषि उपकरण और नगदी सहित करीब 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए।

24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला

प्रकरण में चौकी खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 400/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर हरिजन मोहल्ला, खरसिया निवासी अमन सागर और सत्यम सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

चोरी का सामान बरामद

आरोपी अमन सागर की निशानदेही पर पुलिस ने एक कैम स्टार कंपनी का कूलर और एक सीलिंग फैन बरामद किया। वहीं सत्यम सागर के कब्जे से 32 इंच का एलईडी टीवी और दो सीलिंग फैन जब्त किए गए।

दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

पुलिस ने अमन सागर (22 वर्ष) और सत्यम सागर (32 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई