रायगढ़ जिले के बैंकों का पुलिस ने किया औचक सुरक्षा निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने दिए निर्देश

SHARE:

सीसीटीवी, फायर सेफ्टी, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की जांच, कमियां दूर करने के निर्देश

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में मंगलवार को रायगढ़ जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों का औचक सुरक्षा निरीक्षण किया गया। अभियान का उद्देश्य बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा संभावित अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।

सुरक्षा व्यवस्था का लिया विस्तृत जायजा

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। बैंक परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण, अलार्म सिस्टम, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और आगंतुकों के प्रवेश नियंत्रण की जांच की गई। सुरक्षा निरीक्षण रजिस्टर का अवलोकन कर जहां कमियां मिलीं, उन्हें दर्ज करते हुए शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए।

90 दिन तक सुरक्षित रखें सीसीटीवी फुटेज

पुलिस ने बैंक प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू और रिकॉर्डिंग मोड में रहें। कैमरों की गुणवत्ता ऐसी हो कि आने-जाने वाले व्यक्तियों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दें तथा कम से कम 90 दिनों तक फुटेज सुरक्षित रखा जाए। इसके अलावा फायर एक्सटिंग्विशर, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच एवं समय-समय पर सर्विसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने की हिदायत

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों के प्रशिक्षण, हथियारों की वैधता, लाइसेंस की अवधि और आपातकालीन स्थिति में उनकी तैयारी की भी जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने गार्डों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई