Naksha Batankan Raigarh : नक्शा बंटांकन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, सभी 10 तहसीलदारों को शो कॉज नोटिस के निर्देश

SHARE:

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राज्य शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नक्शा बंटांकन में सुस्ती पर जताई नाराजगी

बैठक के दौरान Naksha Batankan Raigarh की तहसीलवार समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने जिले के सभी 10 तहसीलदारों को कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर उल्लेखनीय प्रगति नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिले में 78.66 प्रतिशत तक पहुंचा कार्य

समीक्षा में बताया गया कि 18 नवंबर 2025 को जिले में नक्शा बंटांकन की प्रगति 73.64 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 78.66 प्रतिशत हो गई है। इस दौरान कुल 5.02 प्रतिशत की प्रगति दर्ज की गई। वहीं 27 जुलाई से 3 अगस्त 2026 के बीच जिले में 1008 नक्शों का बंटांकन किया गया।

इन तहसीलों ने किया बेहतर प्रदर्शन

प्रगति प्रतिशत के आधार पर तमनार (6.65%), रायगढ़ (6.46%), घरघोड़ा (6.33%), पुसौर (5.52%) और छाल (5.26%) ने निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं खरसिया, कापू, मुकडेगा, लैलूंगा और धरमजयगढ़ में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

लैलूंगा की साप्ताहिक प्रगति रही ऋणात्मक

साप्ताहिक समीक्षा में रायगढ़ तहसील में 258, घरघोड़ा में 206, पुसौर में 200, तमनार में 165 और खरसिया में 62 नक्शों का बंटांकन किया गया। जबकि लैलूंगा तहसील की साप्ताहिक प्रगति ऋणात्मक (-24) रहने पर कलेक्टर ने इसे गंभीर मानते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

धान खरीदी और आंगनबाड़ी भर्ती की भी समीक्षा

बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों के पंजीयन कार्य में तेजी लाने तथा पट्टाधारक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने और निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।

सभी विभागों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश

कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पीएचई, कृषि, खाद्य और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई