बंगुरसिया क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
रायगढ़। रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में इन दिनों हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है। गुरुवार शाम से देर रात तक हाथियों की सक्रियता के कारण कई इलाकों में दहशत का माहौल रहा। हाथियों के सड़क पर आने से रायगढ़-सुंदरगढ़ और तमनार मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बंगुरसिया क्षेत्र में 28 हाथियों का दल सक्रिय
जानकारी के अनुसार रायगढ़ वन मंडल के बंगुरसिया क्षेत्र में करीब 28 हाथियों का दल मौजूद है। यह दल दिन के समय जंगलों में रहता है और रात होते ही गांवों व सड़क मार्गों की ओर पहुंच रहा है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे से देर रात 2 बजे तक हाथियों की लगातार गतिविधियां देखी गईं।
इस दौरान मुख्य दल से अलग हुआ एक हाथी गांवों और सड़क क्षेत्रों में घूमता रहा, जिससे ग्रामीणों और वाहन चालकों में भय का माहौल बना रहा।
सड़क पर हाथियों के आने से लगा जाम
हाथियों के सड़क पर डटे रहने के कारण रायगढ़-सुंदरगढ़ एवं तमनार मार्ग पर देर रात तक आवागमन बाधित रहा। कई वाहन चालक हाथियों के हटने और मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए वाहन चालकों को सतर्क किया।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों से कहा गया है कि रात के समय घरों से बाहर निकलने से बचें, अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं और हाथियों के नजदीक जाने या उनका रास्ता रोकने का प्रयास न करें।
वन विभाग ने हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है, ताकि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जा सकें।
हाथी हमले में ग्रामीण घायल, बढ़ी चिंता
रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के बीच गुरुवार सुबह हाथी के हमले से एक ग्रामीण के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बाद जंगल से लगे आधा दर्जन से अधिक गांवों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है और संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।















































