रायगढ़। सावन माह के पावन आगमन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम पंडरीपानी स्थित प्रसिद्ध कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिवलिंग पर जल अर्पित कर जलाभिषेक किया तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी भी उपस्थित रहे।
प्रदेश की प्रगति और खुशहाली के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान मनकामेश्वर महादेव से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति, विकास तथा सभी नागरिकों के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने प्रदेश में शांति, सौहार्द और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना भी की।
मंदिर परिसर में रहा भक्तिमय माहौल
सावन माह के प्रारंभ से पहले भगवान शिव की आराधना के इस विशेष अवसर पर कैलाशपति धाम मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री के आगमन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक मंदिर परिसर में मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
पूजन कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पाण्डेय, विकास केडिया, विवेक रंजन सिंह, पवन शर्मा, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री के कैलाशपति धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सावन माह की शुरुआत से पहले बड़ी संख्या में भक्त भगवान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। कैलाशपति धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां सावन के महीने में विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।















































