सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया।
DSP समेत पुलिसकर्मी घायल
पथराव की घटना में डीएसपी राजेश जोशी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कई जवानों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।















































