रायपुर में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित होगा 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर, मुख्यमंत्री ने आयोजन को बताया उद्योग और निवेश के लिए महत्वपूर्ण।
मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 18, 19 एवं 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना की
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को नई दिशा देने के साथ-साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करते हैं।
उद्योग-अनुकूल वातावरण बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देना और औद्योगिक विकास को नई गति देना है।
छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर राष्ट्रीय औद्योगिक समागम का आयोजन छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इससे प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र को नए बाजार, तकनीक और निवेश के अवसर प्राप्त होंगे।















































