मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन निंदनीय, कांग्रेस पर युवाओं को भ्रमित करने का लगाया आरोप।
राहुल गांधी के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी का आचरण लोकतांत्रिक मर्यादा के प्रतिकूल और निंदनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस प्रकार के राजनीतिक प्रदर्शन की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
NEET पेपर लीक मामले पर सरकार का पक्ष
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही पेपर लीक को पाप बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परीक्षा दोबारा पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई और उसका परिणाम भी घोषित किया जा चुका है।
कांग्रेस पर लगाए आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे की आड़ में युवाओं को भ्रमित करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान की कही बात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश की जनता इस प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान सर्वोपरि है तथा सभी राजनीतिक दलों को इसका पालन करना चाहिए।















































