Dharamjaigarh Murder Case : मोबाइल विवाद में पत्नी की हत्या, 48 घंटे में आरोपी पति गिरफ्तार

SHARE:

मस्जिदपारा में बोरी से मिला था महिला का शव, हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा भी बरामद

रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

झाड़ियों में बोरी से ढका मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को प्रतीक चौवड़ा के बाड़ी परिसर की झाड़ियों में बोरी से ढका एक महिला का शव बरामद हुआ था। जांच में मृतका की पहचान राजकुमारी चौहान के रूप में हुई, जो अपने पति मोहब्बत चौहान के साथ वहीं रहकर मजदूरी करती थी।

मोबाइल विवाद बना हत्या की वजह

जांच में पता चला कि पति-पत्नी दोनों शराब के आदी थे और उनके बीच अक्सर विवाद होता था। 12 जुलाई की रात मोबाइल को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो हिंसक झगड़े में बदल गई। आसपास के लोगों ने भी मारपीट की आवाजें सुनने की बात पुलिस को बताई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें मिलने के साथ अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल विवाद के बाद लकड़ी के पट्टे से पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहब्बत चौहान पहले अपने ससुर की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई