कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने निभाई छेरा पहरा की रस्म, जिंदल स्टील परिवार ने उत्साह से खींचा भगवान का रथ
रायगढ़। जिंदल स्टील लिमिटेड परिसर में श्री गुंडिचा रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई। जिंदल स्टील क्लब रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में जिंदल स्टील परिवार के सदस्यों और उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
सुसज्जित रथ रहे आकर्षण का केंद्र
जिंदल स्पोर्ट्स एरीना के समीप से प्रारंभ हुई रथ यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड रायगढ़ के कार्यपालन निदेशक श्री देबोज्योति रॉय ने परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ की पवित्र छेरा पहरा रस्म निभाई।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने हरिबोल और भगवान जगन्नाथ के जयघोष के साथ आयोजन का स्वागत किया।
भक्ति गीतों से गूंजा पूरा परिसर
रथ यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भगवान जगन्नाथ के भजनों और “हरिबोल” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु उत्साह और भक्ति के साथ भगवान के रथ को खींचते हुए आगे बढ़े।
महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित जिंदल स्टील परिवार के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया।
मौसी मां मंदिर में हुआ समापन
रथ यात्रा का समापन बाल भवन के समीप स्थापित विशेष मौसी मां मंदिर में पारंपरिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
सामाजिक एकता और संस्कृति का बना प्रतीक
श्री गुंडिचा रथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपराओं और जिंदल स्टील परिवार की एकजुटता का भी प्रतीक बना। आयोजन की सफलता में जिंदल स्टील क्लब रायगढ़ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।















































