Bullet Train India : मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पहला सेक्शन अगले साल होगा शुरू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी

SHARE:

सूरत-बिलिमोरा के बीच शुरू होगा पहला चरण, चरणबद्ध तरीके से पूरा होगा पूरा कॉरिडोर

नई दिल्ली। भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का पहला सेक्शन अगले साल शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के तहत सबसे पहले सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू होगा।

चरणबद्ध तरीके से खुलेगा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर

रेल मंत्री ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद रूट को अलग-अलग चरणों में शुरू किया जाएगा। पहले सूरत-बिलिमोरा सेक्शन चालू होगा, इसके बाद वापी-सूरत, वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और अंत में अहमदाबाद-मुंबई सेक्शन को शुरू करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया सेक्शन-दर-सेक्शन आगे बढ़ेगी और अगले साल से यात्रियों को हाई स्पीड रेल सेवा का अनुभव मिलने लगेगा।

हैदराबाद बनेगा हाई-स्पीड रेल हब

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आने वाले समय में तीन बड़े बुलेट ट्रेन कॉरिडोर शुरू होने से हैदराबाद हाई-स्पीड रेल हब के रूप में विकसित होगा। इसमें पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु रूट शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और कई राज्यों की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

कम होगा यात्रा का समय

रेल मंत्री के अनुसार हाई स्पीड रेल परियोजनाओं के शुरू होने से यात्रा समय में बड़ा बदलाव आएगा। प्रस्तावित रूटों पर यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।

हैदराबाद से मुंबई की दूरी लगभग 2 घंटे 50 मिनट, हैदराबाद से अमरावती करीब 1 घंटे 10 मिनट, हैदराबाद से चेन्नई करीब 3 घंटे और हैदराबाद से बेंगलुरु की यात्रा लगभग 2 घंटे 35 मिनट में पूरी हो सकेगी।

भारत में हाई स्पीड रेल नेटवर्क को मिलेगी नई दिशा

रेल मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना भारत के परिवहन क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगी। आधुनिक तकनीक, बेहतर कनेक्टिविटी और तेज यात्रा सुविधा से देश के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा रेलवे और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में किए जा रहे निवेश से राज्यों में रोजगार और औद्योगिक विकास के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई