जल जीवन मिशन : जशपुर के बिरहीपानी में 129 घरों तक पहुंचा नल से शुद्ध पेयजल, बदली ग्रामीणों की जिंदगी

SHARE:

दूरस्थ वनांचल गांव में पहुंची पेयजल सुविधा

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जल जीवन मिशन के तहत जशपुर जिले के दूरस्थ वनांचल ग्राम बिरहीपानी में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा हो गया है। जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव के 129 घरों में अब नियमित रूप से नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी हुई खत्म

जल जीवन मिशन से पहले गांव के लोग हैंडपंप, कुएं और पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर थे। गर्मी के मौसम में जलस्तर घटने से पेयजल संकट गहरा जाता था और महिलाओं व बच्चों को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। साथ ही दूषित पानी के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।

चार उच्च स्तरीय जलागार और पाइपलाइन नेटवर्क तैयार

ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए जल जीवन मिशन के तहत गांव में चार उच्च स्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक) बनाए गए और पूरे गांव में पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया। इसके माध्यम से सभी 129 परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) उपलब्ध कराए गए हैं।

महिलाओं को राहत, स्वास्थ्य और शिक्षा पर सकारात्मक असर

घर-घर नल से शुद्ध पानी मिलने से महिलाओं के समय और श्रम की बचत हुई है। अब वे परिवार, बच्चों की शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों पर अधिक समय दे पा रही हैं। वहीं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी बढ़ी है।

ग्राम समिति कर रही संचालन और रखरखाव

योजना के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए गांव में जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। स्थानीय लोगों की भागीदारी से जलापूर्ति व्यवस्था का सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे योजना की दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित हो रही है।

ग्रामीणों ने जताया आभार

ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जल जीवन मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घर-घर नल से शुद्ध पानी मिलने से उनका जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बन गया है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई