ऑपरेशन अंकुश के तहत साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत बुधवार को शहीद चौक स्थित एक मकान पर छापेमार कार्रवाई कर एक महिला को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, सट्टा लेखा-जोखा और नगदी जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई दबिश
पुलिस के अनुसार, साइबर थाना और कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि शहीद चौक निवासी अनिता साहू अपने घर से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अवैध सट्टा संचालन कर रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान में दबिश दी, जहां महिला सट्टा गतिविधि में संलिप्त मिली।
मोबाइल से मिला सट्टा कारोबार का पूरा रिकॉर्ड
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्रे रंग का रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया। जांच में मोबाइल की गैलरी से राजधानी कल्याण के विभिन्न सट्टा अंकों की तस्वीरें, सट्टा-पट्टी का रिकॉर्ड और हिसाब-किताब मिला। पुलिस ने मौके से 480 रुपये नगद भी जब्त किए, जिन्हें सट्टा कारोबार से संबंधित राशि बताया गया है। जब्ती की पूरी कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में की गई।
महिला के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के बाद अनिता साहू (32 वर्ष), पति बजरंग साहू, निवासी शहीद चौक, रायगढ़ के खिलाफ थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
अवैध सट्टा कारोबार पर कार्रवाई रहेगी जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















































