जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

SHARE:

रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्राप्त हो सके।

विद्युत बिल, आवास और भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रकरणों पर दिए निर्देश

जनदर्शन में आज तहसील पुसौर के ग्राम तड़ोला निवासी अंकुर नंदे ने घरेलू विद्युत कनेक्शन होने के बावजूद लगातार अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अधिक राशि का बिजली बिल मिलने से परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्थानीय जगतपुर निवासी रेवती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

तहसील घरघोड़ा निवासी तीर्थराज झरिया ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी निजी भूमि खसरा नंबर 741/1 रकबा 0.240 हेक्टेयर एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है तथा भूमि पर खनन कार्य भी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक उन्हें भूमि का मुआवजा अथवा रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने परिवार के भरण-पोषण के लिए मुआवजा या नियमानुसार नौकरी दिलाने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की विस्तृत जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई