तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रा को कुचला, 55 किमी तक पुलिस को छकाता रहा चालक

SHARE:

छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छठवीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा पूनम की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

55 किलोमीटर तक चला पीछा

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए ट्रक को तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने कई थानों को अलर्ट कर नाकाबंदी की, लेकिन आरोपी ने दो जगह बैरिकेड्स तोड़ दिए और भागता रहा। करीब 55 किलोमीटर तक पुलिस ट्रक का पीछा करती रही।

पुलिस जवानों को कुचलने की भी कोशिश

सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने बैरिकेड्स तोड़ दिए। इसके बाद मानपुर थाना के सामने भी घेराबंदी की गई, मगर वहां भी उसने ट्रक नहीं रोका। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान बाल-बाल बच गए।

कोरकोट्टी के पास पकड़ा गया आरोपी

आखिरकार कोरकोट्टी गांव के पास पुलिस ने ट्रक को चारों ओर से घेर लिया। भागने की कोशिश में ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक देवी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। हादसे में चालक भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल भेजा गया।

नशे में होने की आशंका, मामला दर्ज

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चालक उत्तर प्रदेश का निवासी है और घटना के समय कथित रूप से नशे में था। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, हादसे के बाद फरार होने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

छात्रा की मौत से नाराज ग्रामीणों ने गुंडरदेही गांव में शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई