रायपुर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे यहां कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में होंगे शामिल राहुल गांधी
राहुल गांधी के इस दौरे के दौरान संगठनात्मक मजबूती और जिला स्तर के नेताओं को प्रशिक्षण देने से जुड़े कार्यक्रम में उनकी सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस कार्यक्रम को कांग्रेस संगठन के लिए अहम माना जा रहा है।
सीएम विष्णुदेव साय का तीखा हमला
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, वहां की राजनीतिक स्थिति से पूरा देश वाकिफ है। उन्होंने कहा कि जनता लगातार कांग्रेस को नकार रही है और पार्टी का जनाधार कमजोर हो रहा है।
सीएम साय ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में कई कथित घोटाले हुए और छत्तीसगढ़ को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि “कुछ लोग जेल में हैं, कुछ बेल पर हैं और कुछ जेल जाने की तैयारी में हैं।”
भाजपा विधायक सुनील सोनी का बयान
भाजपा विधायक सुनील सोनी ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में प्रशिक्षण शिविर से कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार आपराधिक मामलों और आंतरिक कलह से जूझ रही है।
सोनी ने तंज कसते हुए कहा कि यदि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व खुद सुधार ले, तो नीचे के नेताओं में स्वतः सुधार आ जाएगा।
राजनीतिक माहौल गर्म
राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे प्रदेश का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। अब सभी की नजरें इस दौरे और इसके बाद होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हैं।















































