यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा-2026 में छत्तीसगढ़ के 13 अभ्यर्थियों की सफलता, ट्राइबल यूथ हॉस्टल के विद्यार्थियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान

SHARE:

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के परिणामों में छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रहे प्रदेश के 13 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिससे राज्य का मान बढ़ा है।

इनमें अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय, ग्रामीण एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों से आते हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सफल अभ्यर्थियों की सूची

इस परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों में
गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, सुश्री दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे तथा प्रकाश पटेल शामिल हैं।

ट्राइबल यूथ हॉस्टल की भूमिका

मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता को 50 से बढ़ाकर 200 सीट किया गया है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सिविल सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिल रहा है। यहां छात्रों को निःशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकालय और कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिक्रिया

आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह संस्थान प्रतिभाओं को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। वहीं विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि यह सफलता राज्य सरकार की शैक्षणिक पहल और मार्गदर्शन व्यवस्था का परिणाम है।

अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ये सभी अभ्यर्थी आगे मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में भी बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई