स्कूल में आर्ट्स और कॉमर्स छात्रों का विरोध प्रदर्शन
रायपुर। शहर के प्रतिष्ठित Madhavrao Sapre School माधव राव सप्रे स्कूल में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया जब कला एवं वाणिज्य संकाय के छात्रों ने पढ़ाई प्रभावित होने के विरोध में धरना शुरू कर दिया। इसके बाद छात्र कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रदर्शन पर बैठ गए।
शिक्षक नहीं होने पर छात्रों को TC लेने की दी गई सलाह
छात्रों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें बताया कि आर्ट्स और कॉमर्स विषय पढ़ाने के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए वे स्कूल छोड़कर अन्य जगह प्रवेश ले लें। इस फैसले से नाराज छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया।
हिंदी माध्यम में शिक्षक की कमी बनी बड़ी समस्या
जानकारी के अनुसार स्कूल में हिंदी माध्यम के आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में कुल 55 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन विषयों के अनुसार शिक्षकों की भारी कमी है। जबकि इंग्लिश माध्यम के अधिकांश विषयों के लिए शिक्षक उपलब्ध हैं।
पहले भी देरी से शुरू हुई थी पढ़ाई
छात्रों ने बताया कि पिछले वर्ष भी उनकी पढ़ाई तीन महीने की देरी से शुरू हुई थी। प्रवेशोत्सव के बाद भी उन्हें नियमित पढ़ाई की सुविधा नहीं मिल सकी, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।
एनएसयूआई भी समर्थन में उतरी
छात्रों के प्रदर्शन के बाद एनएसयूआई भी मौके पर पहुंची और समर्थन जताया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल छात्रों को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचा।
प्रशासन का आश्वासन—पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
कलेक्टर कार्यालय में नव नियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी ने छात्रों को आश्वासन दिया कि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई शिक्षक की कमी के कारण प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर कलेक्टर फंड और अन्य माध्यमों से शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया।















































