रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए एक विशेष पत्र लिखा है। पत्र में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास, सुरक्षा, अधोसंरचना, ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नेतृत्व में संचालित योजनाओं ने छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति दी है तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि केंद्र सरकार की विशेष नीतियों के कारण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। विशेष केंद्रीय सहायता (SCA) योजना के तहत राज्य को ₹2,080 करोड़ से अधिक की सहायता प्राप्त हुई है। वहीं विशेष अधोसंरचना योजना, सुरक्षा संबंधी व्यय, आधुनिक हथियार, जंगल वारफेयर प्रशिक्षण और एयर सपोर्ट जैसी पहलों ने सुरक्षा बलों को मजबूत बनाया है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 3,222 किलोमीटर लंबी 391 सड़कों तथा 88 बड़े पुलों की स्वीकृति दी गई, जिससे बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
अधोसंरचना और वित्तीय सहायता से मिली विकास को रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय करों में राज्यों की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत किए जाने से छत्तीसगढ़ को वित्तीय मजबूती मिली है। पिछले 12 वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों के रूप में ₹3.46 लाख करोड़ से अधिक तथा विभिन्न योजनाओं के तहत ₹1.43 लाख करोड़ से अधिक की सहायता प्राप्त हुई है।
सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य सड़क परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये की स्वीकृति से राज्य की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार हुआ है।
ग्रामीण विकास, आवास और कृषि क्षेत्र को मिला व्यापक लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 24.50 लाख से अधिक हितग्राहियों को आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से लगभग 19.70 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं मनरेगा के माध्यम से करोड़ों मानव दिवस सृजित किए गए हैं।
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों को ₹10,784 करोड़ की सहायता सीधे उनके खातों में भेजी गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं ने भी किसानों को राहत प्रदान की है।
स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल कनेक्टिविटी में भी मिला सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। राज्य में हजारों आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं तथा स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कई नई परियोजनाओं को मंजूरी मिली है।
उज्ज्वला योजना के तहत 39 लाख से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। वहीं बिहान और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।
डिजिटल इंडिया अभियान के तहत दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल टावरों की स्थापना से हजारों गांव डिजिटल सेवाओं से जुड़ रहे हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिलेगी नई ताकत
मुख्यमंत्री ने पत्र के अंत में कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने प्रदेश की साढ़े तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में केंद्र सरकार का मार्गदर्शन और सहयोग भविष्य में भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।















































