रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने पैरी नदी में अवैध रेत उत्खनन करते पाए जाने पर तीन चैन माउंटेन मशीनों और एक हाईवा वाहन को जब्त किया है।
पैरी नदी में चल रहा था नियम विरुद्ध उत्खनन
खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 8 जून 2026 को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गरियाबंद जिले की राजिम तहसील अंतर्गत ग्राम कुरुसकेरा स्थित पैरी नदी में मशीनों के माध्यम से अवैध और नियम विरुद्ध रेत उत्खनन का मामला सामने आया।
जांच के दौरान खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील किया गया। साथ ही खदान संचालक और मशीन मालिकों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
अवैध परिवहन में शामिल हाईवा भी जब्त
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक हाईवा वाहन को भी जब्त किया। वाहन को सुरक्षार्थ राजिम थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम मौजूद रही।
अवैध खनन पर नहीं होगा कोई समझौता : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदेशभर में जारी है निगरानी अभियान
खनिज साधन विभाग के सचिव ने बताया कि प्रदेश में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विभागीय अमले और उड़नदस्ता दलों को नियमित निरीक्षण तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।















































