ग्राम मदनपुर में भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज़, छाया विधायक महेश साहू ने किया शुभारंभ

SHARE:

खरसिया। ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से ग्राम मदनपुर में भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि छाया विधायक महेश साहू ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों से मुलाकात कर बढ़ाया उत्साह, खेल भावना का दिया संदेश

शुभारंभ अवसर पर छाया विधायक महेश साहू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना का सबसे बड़ा पाठ पढ़ाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि क्षेत्र के युवा भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि गांवों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और उचित अवसर मिलने पर खिलाड़ी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।

हालाहुली और छोटे देवगांव के बीच खेला गया उद्घाटन मुकाबला

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच ग्राम हालाहुली और छोटे देवगांव की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

दर्शकों के उत्साह से गूंजा मैदान, स्थानीय पहल की हो रही सराहना

प्रतियोगिता के पहले ही दिन मदनपुर और आसपास के गांवों से पहुंचे खेल प्रेमियों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैदान दर्शकों की तालियों और खिलाड़ियों के जोश से गूंजता रहा। स्थानीय युवाओं द्वारा आयोजित इस खेल आयोजन की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में छोटू गवेल, कैलाश शर्मा, हितेश सोनू द्विवेदी, मोहन गवेल, मोहन केवट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।

 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई