रायपुर: प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में छत्तीसगढ़ ने इस वित्तीय वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में पहला स्थान हासिल किया है. सर्वाधिक आवास निर्माण पूरा कर राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है. इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सिर्फ पक्के घरों का निर्माण नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है.
छत्तीसगढ़ बना अव्वल, कई बड़े राज्यों को पछाड़ा
रायपुर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ ने सबसे ज्यादा आवास निर्माण पूर्ण कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है. राज्य ने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए एक ही वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक घर निर्माण का नया रिकॉर्ड बनाया है. यह उपलब्धि ग्रामीण विकास विभाग की बेहतर योजना और प्रभावी मॉनिटरिंग का नतीजा मानी जा रही है.
वित्तीय प्रबंधन में भी राज्य ने दिखाई मजबूती
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने एसएनए स्पर्श प्रणाली के जरिए देश में सर्वाधिक व्यय कर वित्तीय प्रबंधन का भी उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है. इससे यह साफ होता है कि राज्य ने योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति दोनों बनाए रखी.
आवास से आजीविका, हजारों महिलाओं को मिला रोजगार
सरकार के आवास से आजीविका अभियान के तहत निर्माण सामग्री की आपूर्ति और अन्य कार्यों से हजारों महिलाओं को रोजगार मिला है. 9000 से अधिक बिहान दीदियां इस पहल से जुड़कर लखपति दीदी बन चुकी हैं. इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है.
महिला मिस्त्री और सरेंडर नक्सलियों को मिला नया रास्ता
इस वर्ष 6000 से अधिक राजमिस्त्रियों को आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जो देश में सर्वाधिक है. इनमें 1400 महिलाएं और 400 से ज्यादा आत्मसमर्पित नक्सली शामिल हैं. ये लोग अब मुख्यधारा में शामिल होकर विकास और पुनर्वास की नई कहानी लिख रहे हैं.
मजबूत हुई ग्रामीण अर्थव्यवस्था
पीएम आवास के हितग्राहियों को स्थायी आय से जोड़ने के लिए वीबी जीरामजी के माध्यम से व्यक्तिगत कार्य भी बड़े पैमाने पर कराए गए. इससे आवास निर्माण के साथ ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिला और गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली.
घर के साथ सम्मान और आत्मनिर्भरता
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है. प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए सिर्फ पक्के घर ही नहीं, बल्कि आजीविका, सम्मान और आत्मनिर्भरता भी सुनिश्चित की जा रही है. छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि केवल सरकारी रिकॉर्ड नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीण परिवारों के सपनों को साकार करने की कहानी है. पक्का घर, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और पुनर्वास के प्रयासों ने राज्य को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में देश का अग्रणी मॉडल बना दिया है.















































