सक्ती | सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने किया उपजेल का निरीक्षण
माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा रिट पिटीशन (सि) क्र.- 1404/2023 सुकन्या संस्था बनाम यूनियन ऑफ इंडिया व अन्य में पारित आदेश के अनुपालन में गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा आज दिनांक 31/05/2026 को उपजेल सक्ती का निरीक्षण किया गया।
जिला एवं न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ व्यापक निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा जयदीप गर्ग, कलेक्टर सक्ती अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल सिंह ठाकुर, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत कुमार शिवहरे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शुभदा गोयल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जेल व्यवस्थाओं और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की गहन समीक्षा
निरीक्षण टीम ने उपजेल में बंदियों को दी जाने वाली विधिक सहायता, जिला जेल लीगल एड क्लिनिक की व्यवस्था, मुलाकाती हेल्प डेस्क, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, बैरकों की स्थिति, मुलाकात कक्ष, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, टॉयलेट सुविधा और प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।
बंदियों की समस्याओं और रिकॉर्ड व्यवस्थाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान बंदियों की समस्याओं, शिकायत पेटी, कपड़ों की स्थिति, जेल में उपलब्ध रजिस्टरों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की गई। साथ ही जातिगत भेदभाव से संबंधित पहलुओं पर भी जानकारी ली गई।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी लिया भाग
निरीक्षण में स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, उद्योग, रोजगार, समाज कल्याण और कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल रहे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बंदियों के कल्याण और कानूनी सहायता को मजबूत करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि बंदियों को समय पर विधिक सहायता मिले और जेल में मानवीय एवं पारदर्शी व्यवस्था बनी रहे।















































