Bilaspur Fire News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खाद्य तेल एजेंसी के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां देर रात अचानक गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग से लाखों रुपये का खाद्य तेल जलकर खाक हो गया है, जबकि करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आसपास मौजूद अन्य एजेंसियों में भी मचा डर
घटना स्थल के आसपास कई अन्य एजेंसियां और गोदाम भी मौजूद हैं, जिसके कारण आग फैलने का खतरा लगातार बना रहा। आग की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों और कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करवाना शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए कई दमकल वाहन मौके पर लगाए गए। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।















































