सक्ती | मुखबिर की सूचना पर हसौद में छापेमारी, घर से शराब बरामद
सक्ती कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के तहत आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 26 मई 2026 को आबकारी वृत्त जैजैपुर में गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम हसौद वार्ड क्रमांक 10 में छापामार कार्रवाई की गई, जहां दीपमाला कश्यप पति रोहित कश्यप के द्वारा अपने घर से महुआ शराब की अवैध बिक्री किए जाने की जानकारी मिली थी।
तलाशी में 9 लीटर महुआ शराब बरामद
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी टीम ने आरोपी महिला के घर की तलाशी ली। इस दौरान भूरे रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे 45 नग प्लास्टिक पाउच बरामद किए गए, जिनमें प्रत्येक में 200-200 मिली महुआ शराब भरी हुई थी।
कुल मिलाकर लगभग 9 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
आबकारी विभाग ने आरोपी दीपमाला कश्यप के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।















































