ऑपरेशन तलाश में बड़ी सफलता: पांच दिन के विशेष अभियान में रायगढ़ पुलिस ने 246 वारंटों की तामिली कर फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा

SHARE:

एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए अभियान में वर्षों से फरार स्थायी वारंटी भी गिरफ्तार, पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप

रायगढ़, 15 मार्च। फरार आरोपियों और लंबित वारंटों की तामिली के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 10 मार्च से 15 मार्च तक चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में पुलिस टीमों ने सघन कार्रवाई करते हुए 141 स्थायी वारंट और 105 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 246 वारंटों की तामिली की है। अभियान के तहत कई गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया।


क्राइम मीटिंग में मिले निर्देशों के बाद सभी थाना-चौकियों की टीमों ने लगातार दबिश देकर वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित क्राइम मीटिंग में प्रत्येक माह 10 से 15 तारीख के बीच विशेष अभियान चलाकर लंबित वारंटों की तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने लगातार दबिश, पतासाजी और समन्वित कार्रवाई करते हुए फरार वारंटियों की गिरफ्तारी की। अभियान के दौरान कई पुराने मामलों में लंबे समय से फरार आरोपी भी पुलिस की पकड़ में आए, जिससे न्यायिक प्रक्रिया को गति मिली।


कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: उड़ीसा के दो शातिर स्थायी वारंटी गिरफ्तार, दोनों के खिलाफ दर्जनों वारंट थे लंबित

अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस को विशेष सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने उड़ीसा के रहने वाले दो शातिर स्थायी वारंटी दशरथ विश्वाल (निवासी लखनपुर, रेंगाली – उड़ीसा) और सरोज बेहरा (निवासी रेंगाली – उड़ीसा) को गिरफ्तार किया।
दशरथ विश्वाल के विरुद्ध थाना कोतवाली में 20 स्थायी वारंट तथा थाना चक्रधरनगर में 17 स्थायी वारंट जारी थे। वहीं सरोज बेहरा के खिलाफ कोतवाली में 17 स्थायी वारंट और चक्रधरनगर में 2 स्थायी वारंट लंबित थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी प्रभावशाली लोगों का परिचय देकर किस्तों पर ट्रैक्टर खरीदते थे और भुगतान किए बिना फरार हो जाते थे, जिसके कारण न्यायालय द्वारा उनके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किए गए थे। कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सरोज बेहरा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दशरथ विश्वाल को न्यायालय में पेश किया जा रहा है


जिले के अलग-अलग थानों की सक्रियता से बड़ी संख्या में वारंटों की तामिली, कई गंभीर मामलों के आरोपी भी पकड़े गए

अभियान के दौरान विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में वारंटों की तामिली की।
थाना कोतवाली ने 43 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट, चक्रधरनगर ने 34 स्थायी और 15 गिरफ्तारी वारंट, छाल थाना ने 13 स्थायी और 12 गिरफ्तारी वारंट, पुसौर थाना ने 10 स्थायी और 5 गिरफ्तारी वारंट तथा खरसिया चौकी ने 6 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंट की तामिली की।

इसी प्रकार लैलूंगा थाना से 8 स्थायी और 7 गिरफ्तारी, तमनार से 5 स्थायी और 1 गिरफ्तारी, कापू से 3 स्थायी और 7 गिरफ्तारी, धरमजयगढ़ से 1 स्थायी और 14 गिरफ्तारी, कोतरारोड़ से 1 स्थायी और 9 गिरफ्तारी तथा पूंजीपथरा थाना से 4 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट की तामिली कर अभियान को सफल बनाया गया।


एसएसपी की पदस्थापना के बाद वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई, 45 दिनों में 1467 वारंटों का निष्पादन

गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की रायगढ़ जिले में 26 जनवरी को पदस्थापना के बाद से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 1467 वारंटों की तामिली की जा चुकी है, जिनमें 256 स्थायी वारंटी और 1211 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से लंबे समय से फरार अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है।


एसएसपी का सख्त संदेश: फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध इसी प्रकार लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी थाना-प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित वारंटों की तामिली और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए अभियान को लगातार प्रभावी बनाया जाए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई