CG Politics: कथावाचक डॉ. रामानुरागी ने छत्तीसगढ़ सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाये हैं।
CG Politics: कथावाचक डॉ. रामानुरागी ने छत्तीसगढ़ सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाये हैं। कथावाचक ने मंत्री अग्रवाल पर कथा कराने के बाद रुपये नहीं देने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं कथावाचन ने वीडियो जारी कर विधानसभा के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। दूसरी ओर इस मामले में कांग्रेस ने मंत्री राजेश अग्रवाल के साथ ही बीजेपी पर निशाना साधा है। वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है।
कथावाचक रामानुरागी महाराज का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। महाराज का आरोप है कि दो से नौ जनवरी 2026 तक मंत्री राजेश अग्रवाल के अंबिकापुर स्थित लखनपुर गांव में श्रीमद्भागवत कथा का पाठ करवाया था। इसके बदले उन्हें पैसे का भुगतान नहीं किया गया। 15 लाख रुपये को लेकर जब वो मंत्री के पास गये, तो उन्हें धक्के मारकर भगा दिया गया।
कथावाचक ने चेतावनी दी है कि यदि उनके पैसे का भुगतान नहीं किया गया तो वो विधानसभा के बाहर आत्मदाह कर लेंगे और इसके लिये मंत्री जिम्मेदार होंगे। वहीं कथावाचक के आरोपों पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कथावाचक रामानुरागी महाराज ने भागवत कथा आयोजन करने की बात कहकर संस्कृति विभाग में आवेदन दिया था। मैंने उनके आवदेन को रिमॉर्क किया था, जैसे अन्य सभी के आवेदन को करता हूं। संस्कृति विभाग ऐसे आयोजन के लिए फंड स्वीकृत नहीं करती है, इसलिए विभाग ने उक्त आवेदन को रद्द कर दिया। अब आवेदन रद्द होने पर वे मुझसे पैसे मांग रहे हैं। मंत्री अग्रवाल ने साफतौर पर इंकार किया कि उन्होंने न तो कथा के आयोजन के लिये कहा था और न ही उनके ऊपर कोई देनदारी है। यहां तक कि लखनपुर में आयोजित भागवत कथा में वे गय भी नहीं थे।
वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया हेंडल पर कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज का वीडियो पोस्ट करते हुए निशाना साधा है । उन्होंने पोस्ट में लिखा कि कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज मंत्री राजेश अग्रवाल पर पैसे नहीं देने का आरोप लगाया है। ये बेहद शर्मनाक स्थिति है। एक ओर सरकार दूसरे राज्य के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को प्लेन में बैठाकर बुलाती है, तो वहीं छत्तीसगढ़ के कथावाचकों का पैसा तक नहीं दिया जा रहा है।














































