एसएसपी की वर्चुअल बैठक के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, रिस्पांस टाइम पर विशेष जोर
रायगढ़, 3 मार्च। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम लागू कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस कार्यालय से जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की वर्चुअल बैठक लेकर ड्यूटी की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान पुलिस का रिस्पांस टाइम सर्वोच्च प्राथमिकता होगा और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
देहात से शहर तक सघन पेट्रोलिंग, 16 चेकिंग पॉइंट और फिक्स पिकेट सक्रिय
शहर की सुरक्षा की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा को सौंपी गई है। कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल और कोतरारोड़ क्षेत्रों में 16 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं। विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्जनों फिक्स पिकेट भी लगाए गए हैं। यातायात पुलिस द्वारा ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों और तेज रफ्तार चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पांच ड्रोन और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग, 27 पेट्रोलिंग यूनिट अलर्ट
एसएसपी के निर्देश पर पांच ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी की जा रही है। शहर में 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन ट्रैक की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग कक्ष बनाया गया है, जहां से ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और पेट्रोलिंग टीमों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सादी वर्दी में तैनात महिला और पुरुष जवान, छेड़छाड़ और हुड़दंग पर त्वरित कार्रवाई
महिला थाना और साइबर थाना की टीमों को सादी वर्दी में तैनात किया गया है। छेड़छाड़, जबरन रंग लगाने, बाइकर्स गैंग की गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई करेगी।
नदी, डेम और पार्कों में प्रतिबंध, वाटर एरिया पर विशेष सुरक्षा प्रबंध
होली के दिन नदी, डेम और वाटर एरिया में जाने पर रोक रहेगी। प्रशिक्षित गोताखोरों और फायर ब्रिगेड को अलर्ट रखा गया है। शहर के गार्डन बंद रहेंगे और आउटर क्षेत्रों में भी लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
एसएसपी का सख्त संदेश — कानून तोड़ने वालों की होली जेल में भी मन सकती है
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि होली की आड़ में गुंडागर्दी, नशे में वाहन चलाना या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून तोड़ने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से शालीनता और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की गई है।














































