रायगढ़: बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एसएसपी का प्रेरक संदेश

SHARE:

रायगढ़। जिले में बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने परीक्षार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए एक प्रेरक वीडियो संदेश जारी किया है।

अपने संदेश में एसएसपी श्री सिंह ने सभी विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास, दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत के साथ परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन यह अंतिम मंजिल नहीं है। इसलिए छात्र बिना किसी दबाव और तनाव के अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इच्छा शक्ति, मजबूत निश्चय और निरंतर मेहनत सफलता की कुंजी है। यदि किसी कारणवश अपेक्षित परिणाम नहीं मिलता है या अंक कम आते हैं, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन में आगे बढ़ने के कई अवसर होते हैं और सफलता तक पहुंचने के अनेक रास्ते मौजूद हैं।

अभिभावकों से की अपील

एसएसपी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और उन पर अनावश्यक दबाव न डालें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सकारात्मक भूमिका बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करती है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।

शांतिपूर्ण वातावरण का आश्वासन

परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए एसएसपी ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में डीजे, लाउडस्पीकर या अन्य माध्यमों से अनावश्यक शोर-शराबा होता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। संबंधित लोगों को सख्त हिदायत देकर विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाया जाएगा।

अंत में उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस सुरक्षित और शांतिपूर्ण परीक्षा वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई