बिलासपुर सेंट्रल जेल में उस समय हड़कंप मच गया, जब जेल के किचन में काम कर रहे एक कैदी ने हंसिया से अपना गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में जेल कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद कैदी बोलने की स्थिति में नहीं है, इसलिए आत्महत्या की कोशिश के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
📌 हत्या के मामले में काट रहा था सजा
जानकारी के अनुसार पेंड्रा निवासी विकास कश्यप हत्या के मामले में पिछले दो साल से जेल में बंद है। वर्ष 2024 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद के दौरान उसने अपनी दादी की हत्या कर दी थी। फिलहाल उससे जेल के किचन में भोजन बनाने का काम लिया जा रहा था।
🔪 काम के दौरान उठाया कदम
मिली जानकारी के अनुसार, विकास कश्यप अपने बैरक से किचन में भोजन बनाने पहुंचा था। काम के दौरान उसने सब्जी काटने के हंसिया से अचानक अपना गला रेत लिया।
अन्य कैदियों ने उसे तड़पता देख तुरंत संभाला और जेल अधिकारियों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही जेल अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
🏥 अस्पताल में जारी इलाज
घायल कैदी को जेल एंबुलेंस से तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूत्रों के अनुसार, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है और उसका उपचार चल रहा है। कैदी के होश में आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।














































