बंद कमरे में जली सिगड़ी बनी मौत का कारण: पति-पत्नी और 3 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत

SHARE:



जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। कोयले की सिगड़ी से निकली जहरीली गैस के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कवल, उनकी पत्नी कुन्ती और तीन वर्षीय बेटी ममता शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, कवल अपनी पत्नी और बेटी के साथ प्रधानमंत्री आवास के एक कमरे में सो रहे थे, जबकि घर के अन्य सदस्य दो बच्चों के साथ दूसरे कमरे में थे। ठंड से बचने के लिए दंपति ने बंद कमरे में सिगड़ी में कोयला जलाया था।

सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो तीनों अचेत अवस्था में मिले। तुरंत मदद की कोशिश की गई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। प्राथमिक आशंका है कि कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने के कारण तीनों की मौत हो गई।

वेंटिलेशन की कमी बनी वजह

बताया जा रहा है कि जिस कमरे में वे सो रहे थे, वहां न तो खिड़की थी और न ही रोशनदान। वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण जहरीली गैस बाहर नहीं निकल पाई। कोयला जलने से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड एक रंगहीन और गंधहीन गैस होती है, जो बेहद खतरनाक होती है और कुछ ही समय में जानलेवा साबित हो सकती है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।


Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई