सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के विकासखंड बरमकेला अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल साल्हेओना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन देशभक्ति के रंग में रंगा रहा और कार्यक्रम में विद्यार्थियों से लेकर अतिथियों तक गजब का उत्साह देखने को मिला।
लाल किले की तर्ज पर सेकेंड फ्लोर बालकनी से फहराया गया तिरंगा, राष्ट्रगान के साथ दी गई ध्वज को सलामी
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण व पूजन-अर्चन के साथ हुई।
इसके बाद विद्यालय के सेकेंड फ्लोर पर निर्मित बालकनी से, लाल किले की तर्ज पर, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं शाला विकास एवं प्रबंधन समिति अध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही ने तिरंगा फहराया और ध्वज को सलामी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान गाया और देश के महापुरुषों के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।

प्रभात फेरी से लेकर भारत माता चौक तक दिखा देशप्रेम का उत्साह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों की प्रभात फेरी निकाली गई, जो भारत माता चौक पहुंचकर भारत माता की प्रतिमा के समक्ष पूजन-आरती के साथ संपन्न हुई।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पुष्पहार से स्वागत के साथ हुई।
भारत केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, संविधान से चलने वाला राष्ट्र है — राधामोहन पाणिग्राही
अपने उद्बोधन में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति अध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के महत्व की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि किताबों से ज्ञान लेना जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में उतारना — सच बोलना, नियमों का पालन करना, दूसरों का सम्मान करना और ईमानदारी से देश के लिए कार्य करना।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि अच्छा नागरिक बनना ही सच्ची देशभक्ति है।
मेधावी छात्रा को मिला 5 हजार का नगद पुरस्कार, बोर्ड टॉपरों के लिए बड़ी घोषणा से बढ़ा बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम के दौरान एसएमडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष अग्नु पटेल द्वारा घोषित 5 हजार रुपये की नगद राशि 12वीं कला संकाय की छात्रा कु. टेकेश्वरी सामले को 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर प्रदान की गई।
वहीं मानिकपुर बड़े के पूर्व उपसरपंच जयप्रकाश पटेल ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026 में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा के स्कूल टॉपर को क्रमशः 5 हजार और 10 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की, जिससे विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ओजस्वी संचालन और जनसहभागिता ने कार्यक्रम को बनाया यादगार
कार्यक्रम का सफल और सुव्यवस्थित संचालन अंग्रेजी व्याख्याता अवधराम बेहरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्था के प्राचार्य धरमपाल पटेल ने किया।
समारोह में एसएमडीसी के पूर्व अध्यक्षगण, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अधिवक्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में अनुशासन, देशभक्ति और शिक्षा के प्रति जागरूकता का स्पष्ट संदेश उभरकर सामने आया।














































