महिला की शिकायत पर सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, एसपी ने किया निलंबित

SHARE:

कोरबा । कटघोरा थाना क्षेत्र में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर पर महिला से छेड़छाड़ का गंभीर और सनसनीखेज आरोप सामने आया है। पीड़ित महिला की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर एसके कोसरिया पर महिला ने अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला ने उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि आरोपी अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उसके साथ गलत व्यवहार किया।

शिकायत सामने आते ही कटघोरा पुलिस ने बिना देरी किए मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायालय में पेश कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले की गंभीरता और विभाग की छवि को ध्यान में रखते हुए आरोपी सब-इंस्पेक्टर एसके कोसरिया को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। थाना प्रभारी कटघोरा धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है और मामले की जांच आगे जारी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई