महासमुंद। जिला महासमुंद के विकासखंड सरायपाली अंतर्गत माल्दा माल धान मंडी में इन दिनों धान उठाव की प्रक्रिया पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। मंडी में टोकन नहीं कटने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनमें नाराजगी देखी जा रही है।
किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से मंडी परिसर में धान लेकर पहुंचे हुए हैं, लेकिन टोकन कटने की प्रक्रिया शुरू नहीं होने से उनका धान उठाव नहीं हो पा रहा है। इससे न केवल किसानों का समय और पैसा बर्बाद हो रहा है, बल्कि खुले में रखे धान के खराब होने का भी खतरा बढ़ गया है।
मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही टोकन कटने और धान उठाव की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस समस्या को लेकर कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है, लेकिन किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति में सुधार होगा और धान उठाव की प्रक्रिया सुचारू रूप से प्रारंभ की जाएगी।















































