रायपुर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में उनके जीवनवृतांतों पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का आज उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अटल जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने सिद्धांतों, संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह छाया चित्र प्रदर्शनी न केवल अटल जी के राजनीतिक जीवन को दर्शाती है, बल्कि उनके मानवीय दृष्टिकोण और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत करती है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।














































