छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड और घनी धुंध का कहर, जनजीवन प्रभावित

SHARE:

रायपुर । छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड और सुबह की घनी धुंध का असर लगातार बना हुआ है। रात के समय तापमान में भारी गिरावट और सुबह धुंध के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वर्तमान में बिलासपुर और रायपुर को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा चुका है। सबसे अधिक असर सरगुजा संभाग के अंबिकापुर क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।

सुबह के समय धुंध इतनी घनी है कि सरगुजा संभाग के कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई है। इसका असर सड़क यातायात पर भी पड़ रहा है। राजधानी रायपुर सहित अन्य जिलों में भी धुंध का प्रभाव स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। वहीं रात में ठंड का प्रकोप लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रहा है।

पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में ठंड का मध्यम असर रहा और यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद आगामी तीन दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के आसार जताए गए हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई