Chhattisgarh Rajyotsav 2026: आज से तीन दिवसीय राज्योत्सव का आगाज, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ; CM विष्णुदेव साय रहेंगे मौजूद

SHARE:

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज, 1 नवंबर से नवा रायपुर अटल नगर में तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का भव्य आगाज होने जा रहा है। राज्योत्सव का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शाम 6 बजे करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत, पारंपरिक कलाओं और विकास की उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी।

शाम 6 बजे होगा राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शाम 6 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और समारोह का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

लोक संस्कृति और जनजातीय विरासत बनेगी आकर्षण का केंद्र

1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों की सांस्कृतिक विविधता देखने को मिलेगी। प्रदेश के स्थानीय कलाकार लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके कलाकारों की प्रस्तुतियां भी महोत्सव को खास बनाएंगी।

आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के साथ स्थानीय कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

शाम 5 बजे नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास का भूमिपूजन

राज्योत्सव के उद्घाटन से पहले केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शाम 5 बजे स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसके तहत नर्सिंग महाविद्यालय और परिचारक छात्रावास के निर्माण कार्यों की शुरुआत की जाएगी। इन परियोजनाओं को प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रात 8 बजे हॉकी लीग के समापन समारोह में होंगे शामिल

राज्योत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद केंद्रीय खेल मंत्री रात 8 बजे रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल हॉकी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस लीग के माध्यम से प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।

तीन दिनों तक उत्सवमय रहेगा नवा रायपुर

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर आयोजित यह राज्योत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, कला, परंपरा और विकास की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रदेश की पहचान और गौरव को प्रदर्शित किया जाएगा। राज्योत्सव के जरिए नवा रायपुर एक बार फिर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई