मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 28 अक्टूबर को करेंगे काका लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण

SHARE:

बलरामपुर जिले को 202 करोड़ रुपये से अधिक के 2009 विकास कार्यों की सौगात, सड़क, पुल, स्वास्थ्य और पेयजल योजनाओं पर रहेगा फोकस

बलरामपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 28 अक्टूबर को बलरामपुर जिले के विकासखंड शंकरगढ़ अंतर्गत ग्राम चिरई, जशवंतपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री काका लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जिलेवासियों को 202 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत के कुल 2009 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 156 करोड़ 68 लाख रुपये के 1863 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 45 करोड़ 97 लाख रुपये के 146 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा, उनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 71 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा कुसमी विकासखंड में 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से पांच पुलों का निर्माण भी प्रमुख कार्यों में शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में आवागमन और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जिला अस्पताल को मिलेगी सीटी स्कैन मशीन

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिला चिकित्सालय में 4 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जाएगी। इससे मरीजों को जांच की आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

इसके साथ ही वीबी-जी राम जी योजना के तहत 1854 कार्य भी विकास कार्यों के प्रमुख हिस्से में शामिल हैं।

पेयजल और ग्रामीण अधोसंरचना पर जोर

कार्यक्रम में 45 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत के 146 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें 15 एकल ग्राम नल जल योजनाएं, मनरेगा के तहत निर्मित 97 चेक डैम तथा छात्रावास, उप स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन जैसे निर्माण कार्य शामिल हैं।

इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा, जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में शामिल होंगे मंत्री और जनप्रतिनिधि

ग्राम चिरई, जशवंतपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्रीगण, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के इस प्रवास के दौरान जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण किया जाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई