आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू की नोक पर बनाया बंधक, पंडरीपानी से पुसौर पुलिस ने कराया सकुशल रेस्क्यू
रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता (49) के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने प्रोफेसर को रास्ते में पकड़कर आंखों पर पट्टी बांधी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले गए।
आरोपियों ने कथित तौर पर मारपीट कर प्रोफेसर के मोबाइल फोन, पासवर्ड और Google Pay व BHIM App से जुड़ी जानकारी हासिल की। इसके बाद एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया गया और प्रोफेसर के खाते से करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। रकम ट्रांसफर कराने के बाद उन्हें पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुसौर पुलिस को प्रोफेसर की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर पंडरीपानी से प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू किया।
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं, UPI के माध्यम से ट्रांसफर कराई गई रकम को भी सुरक्षित करा लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।






























