Raigarh Crime News: केलो विहार मार्ग पर महिला से चेन स्नेचिंग, बाइक सवार दो युवकों की तलाश

SHARE:

शिव मंदिर मार्ग पर शाम के समय वारदात, पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र झपटा; CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़, 29 सितंबर 2026। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो विहार स्थित शिव मंदिर मार्ग पर मंगलवार शाम एक महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई। काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने पैदल जा रही महिला को निशाना बनाया और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने झपटा मंगलसूत्र

मिली जानकारी के अनुसार छोटे अतरमुड़ा निवासी श्रीमती गीता पटेल मंगलवार शाम करीब 5:20 बजे एक परिचित महिला के साथ चन्द्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक पहुंचे।

बताया गया कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपटा। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से तहसील कार्यालय रायगढ़ की ओर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में मिले संदिग्धों के फोटो के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने संदिग्धों के फोटो विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किए हैं। इसके अलावा मुखबिर तंत्र के माध्यम से भी आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई हैं।

पुलिस ने आमजन से की सूचना देने की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध बाइक सवारों या घटना से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment