साइबर अपराध के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने की पहल
रायगढ़। साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक और सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ होगी अभियान की मुख्य थीम
अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस और संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक के माध्यम से या QR कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर ले सकेंगे। इसके बाद सेल्फी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर साइबर सुरक्षा का संदेश दूसरों तक पहुंचाया जा सकेगा।
ASP अनिल सोनी ने रायगढ़ में किया शुभारंभ
रायगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की लिंक और QR कोड जारी कर जिला स्तर पर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं QR कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
सामाजिक संगठनों और युवाओं से भागीदारी की अपील
ASP अनिल सोनी ने जिलेवासियों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स और कलाकारों से सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने का आग्रह किया।
पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सुरक्षा
अभियान के पहले सप्ताह स्कूल और कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दूसरे सप्ताह UPI फ्रॉड और वित्तीय धोखाधड़ी पर फोकस
दूसरे सप्ताह बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी तथा UPI सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
तीसरे सप्ताह डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव
तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के लिए टाउन हॉल आयोजित कर डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए जाएंगे।
चौथे सप्ताह स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउजिंग
चौथे सप्ताह महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउजिंग और डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
पांचवें सप्ताह युवाओं को जॉब फ्रॉड से किया जाएगा जागरूक
पांचवें सप्ताह रोजगार कार्यालयों, ITI और कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया सुरक्षा
छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सातवें सप्ताह ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प
सातवें सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।
सार्वजनिक स्थानों पर QR कोड का प्रचार
जिला पुलिस की टीमें और स्थानीय थाने चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर के जरिए QR कोड का प्रचार करेंगे। सोशल मीडिया और WhatsApp ग्रुप्स के माध्यम से भी अभियान की लिंक और जागरूकता संदेश साझा किए जाएंगे।
2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
सात सप्ताह तक चलने वाले ‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य साइबर अपराध के खिलाफ प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता पैदा करना और लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।






























