चेन्नई : इंडिगो फ्लाइट का लैंडिंग से पहले इंजन फेल, इमरजेंसी घोषित कर सुरक्षित उतारा गया विमान

SHARE:

चेन्नई। एअर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस के बाद अब इंडिगो की फ्लाइट में इंजन फेल होने का मामला सामने आया है। कोलकाता से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी आने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की इमरजेंसी व्यवस्था के चलते विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।

224 यात्री और क्रू थे सवार

एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से चेन्नई आ रही थी। विमान में करीब 224 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। रात करीब 11:30 बजे लैंडिंग से ठीक पहले विमान में तकनीकी समस्या सामने आई।

बायां इंजन हुआ फेल

लैंडिंग से पहले विमान में असामान्य स्थिति महसूस होने पर पायलट ने जांच की, जिसमें विमान के बाएं इंजन में खराबी का पता चला। पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

रनवे पर तैनात रही फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस

इमरजेंसी को देखते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर रनवे खाली कराया गया। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को रनवे पर तैनात कर दिया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विमान को रनवे-25 पर सुरक्षित लैंड कराया गया

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ ने राहत की सांस ली। प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों और क्रू मेंबर्स को रेस्क्यू कर मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया।

इससे पहले एअर इंडिया की फ्लाइट में आया था टर्बुलेंस

कुछ दिन पहले फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में लैंडिंग से ठीक पहले तेज टर्बुलेंस आया था। विमान अचानक करीब 300 मीटर नीचे आया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर गिर गए थे और सामान भी बिखर गया था। घटना में 17 यात्री घायल हुए थे।

जांच के बाद ही सामने आएगी वास्तविक वजह

एअर इंडिया की घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं पायलट के डोप टेस्ट से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद मामले की जांच और महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि टर्बुलेंस की वजह पायलट ही था, ऐसा निष्कर्ष जांच पूरी होने से पहले निकालना उचित नहीं होगा। घटना के वास्तविक कारणों का पता आधिकारिक जांच रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई