नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 2026 में PF से जुड़ी कई सेवाओं में बदलाव और डिजिटल सुधार किए हैं। इनका सीधा असर नौकरीपेशा लोगों के PF निकालने, नौकरी बदलने पर खाते का ट्रांसफर करने और UAN से जुड़ी सेवाओं पर पड़ सकता है। कुछ बदलाव लागू हो चुके हैं, जबकि कुछ सुविधाओं को और विस्तार देने की दिशा में काम चल रहा है।
PF निकासी में बढ़ेगा ऑटो-सेटलमेंट का दायरा
EPFO अब एडवांस PF क्लेम के साथ-साथ फाइनल PF विड्रॉल को भी ऑटो-सेटलमेंट व्यवस्था के दायरे में लाने की दिशा में काम कर रहा है। फिलहाल 5 लाख रुपये तक के एडवांस PF क्लेम ऑटो-सेटलमेंट के माध्यम से प्रोसेस किए जाते हैं।
फाइनल विड्रॉल में भी यह व्यवस्था लागू होने पर पात्र सदस्यों के क्लेम का निपटारा तेजी से हो सकेगा और मैनुअल प्रक्रिया पर निर्भरता कम होगी।
UAN एक्टिवेशन अब UMANG ऐप से
EPFO सदस्यों के लिए UAN एक्टिवेट या जनरेट करने की प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। अब यह सुविधा UMANG ऐप पर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
इसका उद्देश्य UAN से जुड़ी सेवाओं को अधिक सुरक्षित और डिजिटल बनाना है।
नौकरी बदलने पर PF ट्रांसफर आसान
नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के लिए PF ट्रांसफर की प्रक्रिया भी आसान की गई है। आधार से लिंक और KYC-कंप्लायंट UAN वाले सदस्यों के लिए PF बैलेंस ट्रांसफर की प्रक्रिया ऑटोमेटिक किए जाने से अलग से ट्रांसफर आवेदन करने की जरूरत कम होगी।
इससे पुराने और नए नियोक्ता के बीच होने वाली कागजी प्रक्रिया तथा सदस्य की अतिरिक्त भागदौड़ कम होने की उम्मीद है।
PF क्लेम का तेजी से निपटारा
EPFO की ओर से PF विड्रॉल क्लेम के निपटारे में तेजी लाने पर भी जोर दिया जा रहा है। संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में बड़ी संख्या में पात्र क्लेम का निपटारा उसी दिन या अधिकतम दो दिनों के भीतर करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
डिजिटल सिस्टम पर EPFO का फोकस
इन बदलावों से साफ है कि EPFO PF से जुड़ी सेवाओं को अधिक ऑटोमेटेड, डिजिटल और आसान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कर्मचारियों के लिए इसका सबसे बड़ा फायदा यह हो सकता है कि PF निकासी, UAN और नौकरी बदलने के बाद PF ट्रांसफर जैसी प्रक्रियाओं में समय और कागजी कार्रवाई कम हो।















































