सरिया : एक पखवाड़े में दूसरी बार मंदिर में चोरी, शिव मंदिर से घंटे और पूजन सामग्री ले गए चोर

SHARE:

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरिया थाना क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। इस बार चोरों ने खजुरिया तालाब स्थित शिव मंदिर का ताला तोड़कर घंटे और पूजन में इस्तेमाल होने वाले बर्तन चोरी कर लिए।

सावन के दूसरे सोमवार की रात हुई चोरी

जानकारी के मुताबिक, सावन के दूसरे सोमवार की रात चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद भगवान श्रीराम और हनुमान मंदिर से घंटे एवं पूजन सामग्री चोरी कर फरार हो गए। मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचने पर पुजारी को घटना की जानकारी हुई।

पुजारी ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

मंदिर के पुजारी श्याम दास ने मामले की शिकायत सरिया थाने में दर्ज कराई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नंदलाल राठिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरुण शराफ और वरिष्ठ पार्षद मोतीलाल स्वर्णकार भी मौके पर पहुंचे।

मंदिरों की सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी

पुलिस ने मंदिर समिति और जनप्रतिनिधियों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। वहीं स्थानीय लोगों में लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि मंदिर लगातार चोरों के निशाने पर हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए अब तक ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार, खजुरिया तालाब स्थित इसी मंदिर में पहले भी चोरी हो चुकी है। इसके अलावा थाना के सामने स्थित रामचंडी मंदिर में भी चोरी की पांचवीं घटना सामने आ चुकी है। लोगों का कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस अब मामले की जांच कर चोरों की तलाश में जुटी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment