Janjgir Road Accident : अकलतरा में तीन युवकों को टक्कर मारकर फरार हुआ वाहन, 150 किमी पीछा कर बिलासपुर में पकड़ा

SHARE:

तरौद चौक के पास हुआ हादसा
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में 7 अगस्त 2026 को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद फरार हुए दुर्घटनाकारित वाहन को पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा कर बिलासपुर के सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास पकड़ लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे तीन युवक
जानकारी के अनुसार राइस मिल श्रमिक सूरज कुमार यादव (26) मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BV 6985 से मनीष मरावी (25), निवासी किरारी, थाना अकलतरा को लेकर राइस मिल से अपने घर ग्राम किरारी जा रहे थे। तरौद चौक स्थित सत्य राइस मिल के सामने उनकी मुलाकात दुर्गेश केंवट (21) से हुई। इसके बाद तीनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।

तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
इसी दौरान जांजगीर की ओर से बिलासपुर की तरफ जा रहे अशोक लीलैंड के छह चक्का वाहन क्रमांक JH 01 GA 1987 के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े तीनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

डायल-112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद दुर्घटनाकारित वाहन का चालक मौके से फरार हो गया था।

150 किलोमीटर पीछा कर वाहन पकड़ा
पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू की और लगातार उसका पीछा करते हुए करीब 150 किलोमीटर दूर बिलासपुर के सकरी तक पहुंची। पुलिस ने खालसा ढाबा के पास दुर्घटनाकारित वाहन को पकड़ लिया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई