रायगढ़। शहर के प्रमुख विकास कार्यों को गति देने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने गुरुवार को शहर के विभिन्न विकास स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, गोगा नाला, नटवर स्कूल और प्यासा मैदान पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बाढ़ सुरक्षा और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीन ड्राइव और कयाघाट पुल में चल रहे कार्यों की स्थिति, आवागमन व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गोगा नाला परियोजना से कम होगी जलभराव की समस्या
कलेक्टर ने गोगा नाला का निरीक्षण कर प्रस्तावित पुल निर्माण और नाला विस्तारीकरण परियोजना की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद बारिश के मौसम में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और शहर में जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने परियोजना से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
प्यासा मैदान बनेगा आधुनिक खेल परिसर
कलेक्टर ने प्यासा मैदान का निरीक्षण कर इसे आधुनिक एवं बहुउद्देशीय खेल परिसर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की। प्रस्तावित कार्यों में मैदान का समतलीकरण, खेल सुविधाओं का विकास, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और नागरिकों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार करना शामिल है।
नटवर स्कूल में शतरंज क्लब का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नटवर स्कूल परिसर में निर्माणाधीन शतरंज क्लब का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें ध्यान
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और कार्यों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, नगर निगम अभियंता श्री अमरेश लोहिया, हाउसिंग बोर्ड, एसईसीएल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा तकनीकी अमला उपस्थित रहा।















































