रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित ‘एकलव्य संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों से नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें उनकी शानदार सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जनजातीय समाज के लिए गौरव का क्षण
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और विशेषकर जनजातीय समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।
अवसर और संकल्प से मिलती है सफलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विद्यार्थियों को बेहतर अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन मिलता है, तो वे बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को आगे भी निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एकलव्य विद्यालयों की भूमिका महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन विद्यालयों से निकलकर विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।















































