रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार, 29 जुलाई को एक दिवसीय प्रवास पर रायगढ़ पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
दोपहर 12:10 बजे पहुंचेंगे रायगढ़
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह रायपुर से हेलीकॉप्टर के माध्यम से रवाना होकर दोपहर 12:10 बजे जिंदल एयरपोर्ट रायगढ़ पहुंचेंगे। यहां से वे ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचकर गुरु दर्शन करेंगे।
मनकामेश्वर शिव मंदिर और बाबाधाम में करेंगे दर्शन
मुख्यमंत्री इसके बाद कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वे कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबाधाम पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लेंगे और आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री श्री साय पुनः जिंदल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और शाम को हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे।















































