Sports Conclave Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव आज, खेल नीति और ओलंपिक विजन पर होगा मंथन

SHARE:

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन आज सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर के कोर्टयार्ड-बाय-मेरियट होटल में होगा। कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना और नई खेल नीति पर मंथन करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान

कॉन्क्लेव के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इस दौरान वे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे। वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सुबह 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

सात सत्रों में होगी व्यापक चर्चा

दिनभर चलने वाले कॉन्क्लेव में सात अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रतिभा पहचान, खिलाड़ियों का प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स साइंस, खेल अधोसंरचना, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP), खेलो इंडिया मिशन, ओलंपिक विजन-2036 और छत्तीसगढ़ की नई खेल नीति जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी करेंगे सहभागिता

उद्घाटन सत्र में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, फुटबॉलर किरण पिस्दा, तैराक अनुष्का भगत और एथलीट लकी मरकाम मंच साझा करेंगे। कार्यक्रम में खेलों को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं की पहचान पर विशेष चर्चा होगी।

देश के विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन

कॉन्क्लेव के विभिन्न सत्रों में ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनालिस्ट रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन तथा खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा करेंगे।

खेल विकास के लिए बनेगा रोडमैप

कॉन्क्लेव में हुई चर्चाओं के निष्कर्षों के आधार पर राज्य में खेल सुविधाओं का विस्तार, खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई